चंडीगढ़ : पंजाब कांग्रेस के अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने श्री गुरु रविदास जयंती को अन्य गुरुओं एवं महान धार्मिक विभूतियों की जयंती की तरह राष्ट्रीय अवकाश घोषित किए जाने की मांग की है।
वड़िंग आज लोकसभा में ‘शून्य काल’ के दौरान यह मुद्दा उठाना चाहते थे, लेकिन लोकसभा की कार्यवाही स्थगित हो जाने के कारण वे इसे सदन में नहीं उठा सके।
बाद में पत्रकारों से एक अनौपचारिक बातचीत में, वड़िंग ने कहा कि श्री गुरु रविदास जी के अनुयायियों द्वारा यह मांग लंबे समय से की जा रही है कि अन्य गुरुओं और संत-महापुरुषों की जयंती की भांति श्री गुरु रविदास जयंती को भी राष्ट्रीय अवकाश का दर्जा दिया जाए।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि देश में श्री गुरु रविदास जी के लाखों-करोड़ों श्रद्धालु हैं, जो उन्हें पूर्ण श्रद्धा और आस्था के साथ पूजते हैं। उन्होंने बताया कि अन्य गुरुओं एवं धार्मिक महापुरुषों की जयंती पहले से ही राष्ट्रीय अवकाश के रूप में मनाई जाती हैं।
वड़िंग ने कहा कि वे पंजाब से हैं, जहां श्री गुरु रविदास जी के अनुयायियों की बड़ी संख्या निवास करती है, इसलिए वे इस मुद्दे को विभिन्न मंचों पर लगातार उठाते रहे हैं। उन्होंने जोर देते हुए, कहा कि आज वे यह विषय संसद में उठाना चाहते थे, लेकिन सदन की कार्यवाही स्थगित होने के कारण ऐसा संभव नहीं हो सका।
उन्होंने कहा कि श्री गुरु रविदास जी ने किसी एक वर्ग या समुदाय के लिए नहीं, बल्कि सम्पूर्ण मानवता के लिए शांति, सहिष्णुता और वैश्विक भाईचारे का संदेश दिया। श्री गुरु रविदास जी सम्पूर्ण मानवता के महान प्रचारक हैं।
