दो दिन पहले भी पकड़े थे पन्नू के साथी
ज्ञात रहे कि पिछले सप्ताह अमृतसर में कई जगह देश विरोधी व खालिस्तानी नारे लिखे गए थे। जिसके बाद पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों की सहायता से पन्नू के दो साथियों को पकड़ने में सफलता हासिल की थी। जिनमें से एक नाबालिग था। आरोपियों ने स्वीकार किया था कि उन्होंने पैसे के लालच में यह काम किया था। बाद में पूछताछ में पता चला था कि दोनों आरोपी जिनमें से एक नाबालिग था विदेश में बैठे आतंकी के सीधे संपर्क में थे।
जश्नप्रीत के एनकाउंटर पर बौखलाया पन्नू
खालिस्तानी समर्थक संगठन सिख फॉर जस्टिस का आतंकी गुरपतवंत सिंह पन्नू अपने साथी जश्नप्रीत सिंह के कथित एनकाउंटर पर भड़क गया है। पन्नू ने एक वीडियो जारी कर दावा किया कि 15 अगस्त को दिल्ली जाने वाली ट्रेनों में सफर न करें। वीडियो में उसने पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान को सीधे निशाने पर लेते हुए कहा कि मान सरकार ने खालिस्तान समर्थकों के खिलाफ पहली गोली चला दी है और गोली का जवाब गोली से दिया जाएगा। उसने जश्नप्रीत को खालिस्तान जनमत संग्रह का कार्यकर्ता बताया और एनकाउंटर को फर्जी व राज्य प्रायोजित आतंक करार देते हुए आरोप लगाया कि यह घटना मुख्यमंत्री मान के आदेश पर हुई और इसका बदला जरूर लिया जाएगा।
