Type Here to Get Search Results !

Punjab News : पंजाब के सीमावर्ती गांवों से लोगों का पलायन


Punjab News, चंडीगढ़/फिरोजपुर : पहलगांव में पर्यटकों पर हुए आतंकी हमले के बाद भारत और पाकिस्तान के बीच तनाव बढ़ गया है। एक तरफ जहां भारत की तरफ से पाकिस्तान के खिलाफ आर्थिक प्रतिबंध लगाए जा रहे हैं वहीं पाकिस्तान लगातार भारत पर हमला करने की धमकी दे रहा है।

पाकिस्तान की धमकियों का असर जम्मू-कश्मीर सीमा पर कम और पंजाब के सीमावर्ती गांवों में ज्यादा दिखाई दे रहा है। यही कारण है सीमा के साथ बसे गांवों के लोगों द्वारा पलायन शुरू कर दिया गया है। लगातार बिगड़ते हालात को देखते हुए लोगों ने राशन और अन्य खाद्य सामग्री जुटाना शुरू कर दिया है। लोगों में यह डर है कि आपातकाल की स्थिति में बाजार पूरी तरह बंद हो सकते हैं। फिरोजपुर में पहले भी कई बार ऐसी परिस्थितियां बनी हैं, जब कर्फ्यू लगाया गया था।

लोगों ने कहा पाकिस्तान कर सकता है हमला

इन गतिविधियों के बीच लोग अपने कीमती सामान और संसाधनों को सुरक्षित करने में जुट गए हैं। स्थानीय निवासी बताते हैं कि 1965 के भारत-पाकिस्तान युद्ध के दौरान भी ऐसा ही माहौल था। लोगों का कहना है कि हमें यकीन है कि भारत युद्ध की शुरुआत नहीं करेगा। लेकिन पाकिस्तान पर कभी भी भरोसा नहीं किया जा सकता। 1971 के युद्ध में पाकिस्तान ने धोखे से भारत पर हमला किया था।

सीमा पर ब्लैकआउट अभ्यास जारी

वर्तमान में युद्ध जैसे हालात बनते देख क्षेत्र में ब्लैकआउट अभ्यास आयोजित किया जा रहा है। इसके लिए क्षेत्र में घोषणाएं की गई रात 9 बजे अभ्यास के तहत सायरन बजाया जाएगा, जैसा कि युद्ध या आपातकाल के दौरान होता है। इस दौरान पूरे क्षेत्र की बिजली आपूर्ति 30 मिनट के लिए बंद रहेगी। लोगों से अनुरोध किया गया है कि वे अपने घरों के जनरेटर और इनवर्टर की बिजली आपूर्ति भी बंद रखें। परिषद ने कहा आपका सहयोग इस अभ्यास की सफलता और सभी निवासियों की सुरक्षा के लिए आवश्यक है।


 

Tags

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.