मलेरकोटला के सरकारी अस्पताल के सामने एक दिव्यांग महिला कपड़े और सिलाई की दुकान खोलने जा रही थी, लेकिन दुकान खुलने से पहले ही खबर आ गई कि दुकान में बिक्री के लिए लाए गए कपड़े चोरी हो गए। जी हां। बताया जा रहा है कि कुछ महिलाएं दुकान का शटर उठाकर ये कपड़े चुरा ले गईं।
यह पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में भी कैद हो गई। इस संबंध में दिव्यांग दंपत्ति इमरान व उसकी पत्नी सुल्ताना ने बताया कि उन्होंने इस चोरी की घटना की रिपोर्ट भी मालेरकोटला थाने में दर्ज कराई है, लेकिन पुलिस द्वारा अभी तक कोई कार्रवाई नहीं की गई है। मीडिया से बात करते हुए उन्होंने कहा कि उनकी मांग है कि पुलिस हमें जल्द से जल्द हमारे कपड़े मुहैया कराए ताकि हम अपना काम ठीक से कर सकें। दिव्यांग दम्पति ने बताया कि हम मेहनत मजदूरी कर अपना व अपने परिवार का भरण पोषण करने वाले लोग हैं, लेकिन पुलिस ने अभी तक कोई सुनवाई नहीं की और न ही चोरों के बारे में कुछ पता लगा पाई है। जबकि कैमरे में साफ दिख रहा है कि इन महिलाओं ने कपड़े चुराए हैं।
इस बीच, विकलांग यूनियन पंजाब ने विकलांग दंपत्ति के पक्ष में संघर्ष करने का निर्णय लिया है। यूनियन के अध्यक्ष महमूद थिंद ने कहा कि वे दम्पति के लिए न्याय सुनिश्चित करना जारी रखेंगे।

